इलाहाबाद से बलिया जा रही लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस शनिवार को दोपहर सिक रारा थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास पलट गई। बस में सवार 39 यात्रियों में से 15 घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। बस के चालक और परिचलक को भी चोट आई है।
लीडर रोड डिपो की बस इलाहाबाद से सवारी लेकर बलिया जा रही थी। दोपहर दो बजे बस सिकरारा क्षेत्र के बीबीपुर के पास पहुंची थी तभी बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक ने तेज रफ्तार बस को रोकने के लिए ब्रेक लगा दिया।
अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों की चीख पुकार सुन गांव से भी लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए। सीसा तोड़कर लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला।
उसमें सवार जफराबाद के जगदीशपुर निवासी रामनारायन, बक्शा के औका गांव निवासी कमला यादव, उनका पुत्र जगदीश, भांजी बिंदू यादव एवं उसकी पुत्री राधा , खरौना निवासी हीरालाल यादव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
गया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों का आरोप है कि सूचना के बाद न तो एंबुलेंस आई और न ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। खुद जीप तय करके किसी तरह अस्पताल पहुंचे। इनके अलावा बस चालक धर्मेंद्र विश्वकर्मा, परिचालक निलेश
कुमार समेत सात अन्य लोग भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।