केराकत स्थित स्टेट बैंक की शाखा में लगी आग से जला सामान।
भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में शुक्रवार की भोर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे बैंक में लगा सारा इलेक्ट्रानिक सामान जलकर नष्ट हो गया। बैंक के गार्ड, सिपाही और पड़ोस के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। कस्बे के स्टेशन मार्ग पर सरायबीरु मोहल्ले में स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में भोर में अचानक आग लग गई।
बैंक के गार्ड महेंद्र राम, शिव प्रसाद ड्यूटी पर थे। बैंक में बने रूम में से भोर में करीब साढ़े 4 बजे गार्ड शिव प्रसाद ने देखा कि धुआं निकल रहा था। शोर मचाते हुए बैंक का चैनल खोला और आग लगने की सूचना पुलिस को दी।
शोर सुनकर पड़ोस के अशोक सोनकर, संजय यादव पहलवान, राजकुमार सोनकर, संदीप, साहब अली और कोतवाली के सिपाही रामजी यादव एवं बैंक गार्ड महेन्द्र राम बैंक के पीछे से बाहरी खिड़की का राड काट कर पानी फेंकना शुरू किया।
इसी दौरान गार्ड महेंद्र राम ने आग को बुझाने के लिए बैंक में रखे सीज फायर का इस्तेमाल करना चाहा, लेकिन हाथ में लेते ही सीज फायर क्रेक हो गया। वह बाल बाल बच गया। काफी प्रयास से बैंक का जरूरी हिस्सा जलने से बच गया और आग पर काबू पा लिया गया।
सूचना पर पहुंचे ब्रांच मैनेजर मनोज कुमार ओझा ने जानकारी ली। ब्रांच मैनेजर ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने से वायरिंग पूरी तरह से नष्ट हो गई। बैंक में बने 3 काउंटर, सात कंप्यूटर, एसी, टीवी, पंखा, कैमरा आदि जलकर नष्ट हो गया।