सिंगरामऊ के खानपुर गांव में आग बुझाते ग्रामीण।
जिले के अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार को हुई अगलगी की घटना में 14 छप्पर और तीन खपरैल के मकान जलकर राख हो गए। छप्पर में बंधी चार बकरियों और दो गायें भी जिंदा जल गईं। कहीं फायर ब्रिगेड तो कहीं ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सिंगरामऊ प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के खानपुर गांव की दलित बस्ती में अज्ञात कारणों से लगी आग में विजय कुमार के पांच छप्पर और दो खपरैल मकान जलकर राख हो गए। मकान में रखा सारा गृहस्थी का सामान भी जल गया। ग्रामीणों ने पंपसेट चलाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। छप्पर में बंधी चार बकरियां भी झुलसकर मर गईं।
सुईथाकला प्रतिनिधि के मुताबिक सरपतहा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव की मुस्लिम बस्ती में दो परिवारों का खपरैल और एक परिवार का छप्पर जलकर राख हो गया। लालमोहम्मद के खपरैल में लगी आग हसन्नू, और तूफानी के मड़हे को भी अपने आगोश में ले लिया। उसमे रखे गृहस्थी के सारे सामान जलकर राख हो गए।
सुजानगंज प्रतिनिधि के अनुसार कुशमौल गाँव में आग लगने से दो परिवारों के आधा दर्जन छप्पर जलकर राख हो गए। राम लाल बिन्द तथा श्याम सूरत बिन्द के के छप्पर आस पास में ही थे। छप्पर में रखे खाद्यान्न, चारपाई, बिस्तर समेत अन्य गृहस्थी का सामान जल गया। छप्पर में रखा पांच हजार नकदी भी जल गया।
सुरेरी प्रतिनिधि के अनुसार भदखिन गांव में शार्टसर्किट से खलिहान में रखा सुरेश मिश्र का सैकड़ों बोझ गेहूं जलकर राख हो गया। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार सुजानगंज क्षेत्र के पोखरा गांव निवासी गंगाप्रसाद तिवारी के गो शाला मे दोपहर आग लग गई। जिससे दो गायों ती झुलसकर मौत हो गई। बगल में चन्द्रदेव पाण्डेय का भी मड़हा जल गया। जिसमें बंधी भैस बुरी तरह झुलस गई।