शाहगंज। जमीन की खरीद-बिक्री में निवेश के नाम पर एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने ओबेद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र के गिरजाघर रामपुरा निवासी कारोबारी रितेश कुमार केसरी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के अनुसार, रितेश करीब 15 वर्षों से स्टील के बर्तनों का थोक और फुटकर कारोबार करते हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात क्षेत्र के कौडिया गांव निवासी ओबैदा पुत्र निजामू से हुई थी। दोनों के बीच मित्रता होने के कारण रितेश ने उस पर भरोसा किया। आरोप है कि आठ अक्तूबर 2024 को ओबैदा ने वाराणसी के आदमपुर क्षेत्र में करीब 3000 वर्गफुट के पुराने मकान का सौदा होने की जानकारी दी।
उसने जमीन की रजिस्ट्री कराने और सौदे में अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा देकर निवेश के नाम पर एक करोड़ रुपये मांगे। रितेश के मुताबिक, उन्होंने दो किस्तों में पूरी रकम दे दी। आरोपी ने 15 से 20 दिनों के भीतर उनके नाम रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया था। पीड़ित का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही रुपये वापस किए गए। रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा।
अब उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पीड़ित ने आरोपी के साथ हुई बातचीत और मुलाकात से संबंधित वीडियो होने का दावा किया है। पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में आरोपी कौडिया गांव निवासी ओबैदा पुत्र निजामू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।