राष्ट्र विरोधी नारे लगाए जाने के विरोध में केराकत में प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देते हिंदू युवा वाहिनी के लोग।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर केराकत के एक मदरसे से निकली प्रभातफेरी के दौरान आपत्तिजनक नारा लगाने के मामले में मदरसा संचालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिंदू संगठनों के लोगों ने सोमवार को केराकत चौराहे पर सड़क जाम कर दिया। गुस्साई भीड़ ने मदरसा और संचालक के आवास पर पथराव भी किया। पुलिस ने करीब 40 लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया है। बाद में पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें िगरफ्तार कर अन्य लोगों को छोड़ दिया।
हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष विराट ठाकुर व अनुराग सिंह सन्नी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोग केराकत के सिहौली चौराहे पर करीब 12 बजे पहुंचे। जहां लोगों ने सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। एक दिन पहले पूरे नगर में एलान किया गया था कि स्वतंत्रता दिवस के दिन आपत्तिजनक नारे लगाने की घटना के विरोध में बाजार बंद रहेगा। पहले से किए गए एलान के मुताबिक दूकानें बंद रहीं।
सैकड़ों की तादात में पहुंचे लोगों ने सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। भीड़ जुलूस की शक्ल में नगर में भ्रमण करने लगी। पुलिस फोर्स भी उनके आगे पीछे लगी रही। भीड़ मदरसे के सामने पहुंची तो उसमें शामिल कुछ लोगों ने मदरसे पर पथराव कर दिया। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को खदेड़ा तो आगे जाकर नरहन मोहल्ले में स्थित मदरसा संचालक के घर पर भी पथराव किया। जिससे उनके घर के सामने लगे शीशे टूट गए। सीओ अमित कुमार राय के निर्देश पर पुलिस बल ने करीब 40 लोगों को मौके से हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। बाद में पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर िगरफ्तार कर लिया एवं अन्य लोगों को छोड़ दिया।
सूचना पर डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर पूरे कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। एसपी अतुल सक्सेना का कहना है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजा जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के दिन आपत्तिजनक नारा लगाने वाले को जेल भेजा जा चुका है बावजूद इसके लोग वहां सड़क जाम करने के बाद शांति में खलल डालने की कोशिश कर रहे थे।