पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा करते जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा। सूचना विभाग
जौनपुर। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनसुविधाओं की समीक्षा किए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। जहां जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराते हुए स्थायी समाधान खोजें। बरसात के दौरान जलभराव से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। नियमित कूड़ा उठान एवं निस्तारण के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख मार्गों और आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अधिकारियों से सफाई व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। बैठक में विधायक बदलापुर रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, पुष्पराज सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बिजली व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
बिजली निगम की समीक्षा के दौरान ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि, बिजली आपूर्ति और समय से खराब ट्रांसफॉर्मर को बदलने पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करके सक्रियता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं के साथ अतिरिक्त बेड, पर्याप्त ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए, ताकि आकस्मिक स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।