मछलीशहर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला।
- फोटो : अमर उजाला
Jaunpur News: मछलीशहर कोतवाली पुलिस ने मतरी गांव में चुनावी रंजिश को लेकर अनुसूचित जाति के युवक की पिटाई करने के आरोप में ग्राम प्रधान सहित तीन लोग क्रमश: रियासत अली, इमरान और कल्लू खां पर मुकदमा दर्ज किया है। इन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार उक्त गांव निवासी सोनू कुमार ने मंगलवार को तहरीर देकर आरोप लगाया कि आगामी ग्राम प्रधान के चुनाव के लिए तैयारी चल रही है। वर्तमान ग्राम प्रधान रियासत अली, उनके छोटे भाई इमरान और चाचा कल्लू खा अक्सर उसे चुनाव नहीं लड़ने की धमकियां देते हैं। उनकी बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी देते।
जातिसूचक टिप्पणी कर कहते कि चुनाव लड़ोगे तो हाथ-पैर तोड़ देंगे। उनकी धमकियों को नजरअंदाज किया गया। आरोप है कि मंगलवार की रात गांव के रास्ते पर सोनू को रोक कर तीनों ने लाठी डंडे से पिटाई की। जाति सूचक शब्दों का उपयोग करते हुए भद्दी भद्दी गालियां दी। पिटाई से सोनू का सिर फट गया। सिर में गंभीर चोट के कारण वह सीधे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
108 नंबर पर परिजनों ने घटना की सूचना दे दी थी। मामले की जांच कर रही क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित को गंभीर चोट लगी है। मुकदमा में नामजद तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।