मुफ्तीगंज। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव में जमीन से लकड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला समेत तीन लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, नैपुरा निवासी गुंजा देवी पत्नी स्वर्गीय बृजेश वर्मा सोमवार दोपहर अपनी जमीन पर रखी लकड़ियां हटा रही थीं। इसी दौरान गांव के नागेंद्र, अविनाश, गोलू तथा सावित्री देवी मौके पर पहुंच गए और इसे लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि थोड़ी देर में विवाद बढ़ गया और विपक्षियों ने गुंजा देवी के साथ मारपीट की। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे उसके पिता रामआसरे तथा भाई अंकित ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्हें भी पीट कर घायल कर दिया। घटना में तीनों लोगों को चोटें आई हैं। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर प्रवीण यादव ने बताया कि शिकायती प्रार्थना पत्र के आधार पर महिला समेत चार नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।