जौनपुर। पीसीएफ संस्था के शाहगंज स्थित उर्वरक बफर गोदाम का मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने मंगलवार को निरीक्षण किया गया। कुछ बोरियां फटी हुई पाई गईं, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला प्रबंधक पीसीएफ को समस्त बोरियों का मानक के अनुरूप भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हैंडलिंग एवं परिवहन ठेकेदारों को समय से उर्वरक प्रेषण करने के लिए भी निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी बोरियों का वजन निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया तथा कहीं भी घटतौली की स्थिति नहीं मिली। उन्होंने गोदाम परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने के निर्देश भी दिए। इसके बाद गोदाम परिसर में संचालित गेहूं क्रय केंद्र पीसीएफ केएसके इमरानगंज का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी को अधिक से अधिक किसानों से संपर्क स्थापित कर शासन की मंशा के अनुरूप लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करते हुए नियमानुसार गेहूं क्रय करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, क्षेत्र अधिकारी इफको सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।