क्षेत्र के बथुआवर गांव में रविवार की रात बरात में चल रहे आर्केस्ट्रा में मनपसंद फरमाइश पूरी न होने पर कुछ मनबढ़ों ने मारपीट कर ली। स्टेज पर चढ़कर नर्तकियों से अभद्रता भी किए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरकेस्ट्रा बंद कराकर किसी तरह से मामले को शांत कराया। रविवार की रात बथुआवर गांव में मिर्जापुर जनपद से बरात आई थी। बरात में मनोरंजन के लिए आर्केस्ट्रा का इंतजाम था। द्वारचार, जयमाल की रस्म के बाद बराती खाना खाकर जनवासे में आर्केस्ट्रा का आनंद ले रहे थे। पड़ोसी गांव के लोग भी आर्केस्ट्रा देखने आए थे। आरोप है कि सोमवार की भोर में लगभग साढ़े तीन बजे कुछ मनबढ़ लोग मनपसंद गीत की फरमाइश करते हुए स्टेज पर जाकर नर्तकियों से छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो गए। इतना नहीं गांव व रिश्तेदारी की महिलाओं से भी वे मारपीट किए। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंचकर पांच लोगों को हिरासत में ले ली। थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवकों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।