केराकत/धर्मापुर। जिले के केराकत कोतवाली और गौराबादशाहपुर में भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है।
केराकत कोतवाली क्षेत्र के उदयचंदपुर गांव में शुक्रवार की सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी डंडे से मारपीट हो गई। इसमें मिथिलेश कुमार (18), सुनील कुमार (26) व अंगद कुमार (28) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार हेतु सीएचसी केराकत में भर्ती कराया गया है, जहां सभी घायलों की स्थिति नाजुक देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के दुधौरा गांव के लालजी व रणजीत में जमीन के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार को सुबह दोनों पक्षों में लाठी डंडे से मारपीट हो गई। इसमें लालजी व रणजीत घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी चोरसंड गौराबादशाहपुर भेजवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर दिया है।