पांचवें मरीज ने बढ़ाया जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा
- डेढ़ माह के दौरान वह कई जगहों पर गया,संपर्क में आए प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और जांच की बढ़ी चुनौती
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। चार मरीज मिलने के बाद भी कोरोना संक्रमण से सुरक्षित समझे जा रहे जिले में बुधवार को मिले पांचवें मरीज ने परेशानी बढ़ा दी है। करीब एक माह तक यहां रहते हुए अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोगों से मिलने वाले इस मरीज के संपर्क में आए लोगों को ढूंढना प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है। फिलहाल 28 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। कई अन्य को भी गुरुवार की दोपहर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जिला अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू की। इनमें से अगर किसी में भी कोरोना की पुष्टि हुई तो फिर हालात बिगड़ सकते हैं।
जौनपुर ही वह जिला है, जहां वाराणसी के बाद पूर्वांचल में कोरोना का दूसरा मामला सामने आया था। 23 मार्च को पहला मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। लॉक डाउन को लेकर सख्ती का असर रहा कि यह संक्रमण अन्य लोगों तक नहीं पहुंच सका। 29 मार्च को निजामुद्दीन के मरकज से लौटने वाले जमातियों के मिलने के बाद दो अप्रैल को दो नए मामले उजागर हुए और फिर आठ अप्रैल को चौथा मामला आया था। इन प्रकरणों में गनीमत यह थी कि संक्रमित लोग कुछ दिन पहले ही जिले में आए थे और उनका ज्यादा लोगों से मिलना-जुलना नहीं हुआ था। इसके चलते उनके जरिए दूसरों तक बीमारी फैलने की आशंकाएं क्षीण हो गई हैं। बुधवार को मिले पांचवें मरीज के साथ स्थितियां उलट हैं। वह 29 फरवरी को दिल्ली से चलने के बाद पहले एक मार्च को वाराणसी आया और वहां से ट्रेन पकड़कर जौनपुर पहुंचा। शहर की बड़ी मस्जिद में रुकने के बाद वह धर्म प्रचार के लिए जिले के नौपेड़वा, बक्शा, मकदूम शाह, महराजगंज इलाकों में गया था। इन स्थानों से होने के बाद वह 24 मार्च को बदलापुर के वार्ड नंबर आठ में पहुंचा था। यहां भी तीन मौलानाओं के सीधे संपर्क में रहा। इन सभी को चिह्नित करने में प्रशासनिक टीम जुटी हुई है। गुरुवार को दोपहर में महराजगंज और बदलापुर पहुंचकर स्वास्थ्य टीम ने संपर्क में आए सभी लोगों को अपने साथ जिला अस्पताल ले गई, जहां सैंपल लेने के बाद उन्हें क्वारंटीन में रखा जाएगा। 30 मार्च को बदलापुर थाने के पास स्थित स्कूल से संक्रमित युवक व उसके साथियों को जिला अस्पताल ले जाने वाले एसआई और दो कांस्टेबल को भी संदिग्ध की श्रेणी में रखते हुए क्वारंटीन में भेज दिया गया है। बुधवार की रात मोहम्मद हसन आईटीआई कॉलेज में संक्रमित युवक के साथ रहे वाले 28 अन्य लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं, जबकि अन्य के बारे में पड़ताल की जा रही है।
क्वारंटीन सेंटर से रखे गए गैर जिलों के लोगों पर भी नजर
जौनपुर। कोरोना के पांचवें युवक को जिस क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था, उसमें रहने वाले अन्य लोगों की भी निगरानी बढ़ गई है। सबसे बड़ी बात है कि 14 दिन की अवधि पूरी होने के बाद उनमें से ज्यादातर को घर भेजा जा चुका है। इनमें कुछ गैर जिलों के भी लोग थे। अब संक्रमण की जानकारी होने के बाद उन सभी की निगरानी बढ़ा दी गई है। संबंधित जिलों में पत्र भेजकर क्वारंटीन सेंटर से वहां गए लोगों की निगरानी कराने को कहा गया है। इनमें सोनभद्र, आजमगढ़, गाजीपुर के लोग अधिक हैं।
---