जौनपुर। लखनऊ के राजभवन में आयोजित होने वाली प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में किसानों अपनी उपज प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह राणा ने बताया कि यह प्रदर्शनी छह से आठ फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस राजकीय प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से किसान अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रदर्शनी में शहद एवं मशरूम, विभिन्न प्रकार के पुष्प और सजावटी पौधे, ताजे फल एवं हरी सब्जियां पॉली हाउस में पैदा किए गए बेमौसमी पुष्प और सब्जियां जौनपुर की विशिष्ट बागवानी फसलें संरक्षित पदार्थ, रंगोली कलात्मक पुष्प सज्जा वर्टिकल गार्डेन एवं फोटोग्राफी आदि वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विजेता को 5100 की नकद धनराशि एवं वैजयंती कप प्रदान किया जाएगा। किसानों को विभाग के निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पंजीकरण के लिए मात्र 10 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रदर्शनी में भाग लेने के इच्छुक किसानों को अपनी प्रविष्टियों के साथ पांच फरवरी की सुबह 11 बजे तक राजभवन पर पहुंचना होगा।