अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शनिवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड और शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद के नेतृत्व में स्वर्ण जयंती चौक से कैंडल मार्च निकाला। मार्च नगर पालिका परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। यहां छात्रों और युवाओं के बीच मिठाई बांटकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि यह कार्यक्रम दिल्ली की घटनाओं, नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया गया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को करोड़ों छात्रों के संघर्ष की जीत बताया। कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक प्रकरण में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव इं. जितेंद्र पासवान, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश देव पांडेय, राजीव त्रिपाठी, जगदीश मिश्रा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा आदि मौजूद रहे।