25- मछलीशहर क्षेत्र के जहासांपुर गांव में कोराना संक्रमित मिलने के बाद सड़क पर लिखा गया कोरोना पॉज?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। श्रमिक स्पेशल ट्रेन में मुंबई से आए कोरोना के आठ नए मरीजों के कारण जिले में संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। इनके साथ यात्रा करने वाले 29 परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों को प्रशासन ने हाई रिस्क कांटेक्ट की श्रेेणी में रखा है। इनको स्वास्थ्य केंद्रों में आइसोलेशन में रखा गया है और नमूना जांच के लिए भेजा गया है। पता चला है कि इनमें से कुछ संक्रमित के गांवों में घूम भी रहे थे।
रामपुर के हथेरा गांव का युवक मुंबई से चार अन्य लोगों के साथ आया था। इनमें तीन रामनगर ब्लाक के बर्राह के रहने वाले हैं जबकि एक वाराणसी के बड़ागांव का। सिरकोनी ब्लाक के विशुनपुर मझवारा गांव निवासी संक्रमित शख्स के साथ उसकी पत्नी, पुत्र, तीन बेटियां थीं। पड़ोसी का भी परिवार मुंबई से उनके साथ आया था। अभी उन्हें हाई रिस्क कांटेक्ट श्रेणी से दूर रखा गया है। मछलीशहर के जहांसापुर निवासी महिला के साथ उसका पति, पुत्र, पुत्री और सास-ससुर भी आए थे। घर पहुंचने के बाद वह कई लोगों के संपर्क में आई और बाजार भी गई थी। एक चिकित्सक से दवा ली। रामनगर ब्लाक के बाशापुर और रामपुर ब्लाक के पृथ्वीपुर निवासी युवक के साथ तीन-तीन लोग मुंबई से साथ आए थे। सिरकोनी ब्लाक के ताला मझवारा निवासी मरीज अपने दो भाई, पत्नी व पुत्र को लेकर मुंबई से घर आया था, जबकि सिकरारा के फजायलपुर गांव के मरीज के संपर्क में उसकी मां और पत्नी रही हैं। रामनगर के बर्रा गांव निवासी युवक अपने बड़े भाई, मां और बुआ के साथ मुंबई से आया था। संबंधित ब्लाक के सीएचसी-पीएचसी के चिकित्सकों को हाई रिस्क कांटेक्ट में शामिल लोगों के अलावा उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी अन्य में भी लक्षण दिखते हैं तो तत्काल उनका सैंपल लिया जाएगा।
सील किए गए नए कोरोना मरीजों के गांव
जौनपुर। शनिवार को मिले आठ नए कोरोना मरीजों के जरिए गांव में संक्रमण पहुंचने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित गांवों को सील करा दिया है। इन गांवों में सैनिटाइजेशन का कार्य भी रविवार को शुरू करा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ का ब्योरा जुटाने में लग गई हैं।
मछलीशहर के जहांसापुर गांव को ग्राम प्रधान राकेश बिंद की मौजूदगी में रविवार को सील कर दिया गया। गांव से घिसुआ गांव के लिए गई पक्की सड़क पर कोरोना गांव होने की सूचना भी अंकित की गई है। डॉक्टर ने गांव में पीड़ित के घर जाकर जानकारी ली। विभाग मरीज के सम्पर्क में आये लोगो की जानकारी एकत्रित करने में जुटा है। जफराबाद: सिरकोनी ब्लाक के बिशुनपुर और तालामझवारा गांव को प्रशासन ने रविवार को सील कर दिया। इन दोनों गांव में शनिवार को दो कोरोना संक्रमितमिले थे। इन गांवों को हॉट स्पॉट घोषित किया गया है। शनिवार की देर शाम को ही दोनों को उपचार के लिए वाराणसी भेज दिया गया। सिकरारा: ब्लाक क्षेत्र में पहला कोरोना पॉजीटिव मिलने से प्रशासन व ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। फजायलपुर गांव में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में दवा का छिड़काव कराया गया। ब्लॉक के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण सिंह ने बताया कि पॉजीटिव रिपोर्ट के आधार पर गांव में एहतियात बरता जा रहा है। संपर्क में आए हर व्यक्ति की जांच कराई जाएगी।