जंघई स्टेशन पर बम मिलने की अफवाह पर जांच करती पुलिस। पुलिस विभाग
जंघई जंक्शन पर मंगलवार की सुबह 6.30 बजे 112 पर कॉल आई। कॉलर ने कहा हैलो! सर, स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर लावारिस एक ट्रॉली बैग है, जिसमें से आवाज आ रही है, बम लग रहा है। इसके बाद अफरातफरी मच गई।
जांच के लिए मीरगंज पुलिस से लेकर प्रयागराज से बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) तक बुलाई गई, जिसकी दो घंटे की जांच में सूचना फर्जी निकली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद सिंह और जीआरपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्टेशन की घेराबंदी की। साथ ही उच्चाधिकारियों को सूचित किया। पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी अभियान प्लेटफॉर्म नंबर एक से पांच तक और स्टेशन के आवागमन क्षेत्र में चलाया गया। पुलिस ने यात्रियों के सामान और सभी संदिग्ध बैगों की भी गहन जांच की गई। हालांकि, लंबी जांच के बाद भी कोई भी विस्फोटक, संदिग्ध वस्तु और न ही कोई लावारिस ट्रॉली बैग मिला। इसके बाद पुलिस और रेल प्रशासन ने बड़ी राहत की सांस ली। जीआरपी पुलिस ने वाराणसी में तहरीर दी है।
झूठी सूचना देने वाले पर होगी कार्रवाई: पुलिस अब बम की झूठी सूचना देने वाले अज्ञात कॉलर की पहचान करने की तैयारी कर रही है। फर्जी सूचना देने वाले नंबर की भी गहनता से जांच कराई जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। ऐसी झूठी सूचनाएं देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना है और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।