नगर के जेसीज चौराहे के निकट स्थित टीएनजी के शो रूम में रविवार को देर शाम शार्ट सर्किट से लगी आग तीन घंटे की मशक्कत के बाद भी नहीं बुझाई जा सकी।
आग से एक करोड़ रुपये के कपड़े व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। शोरूम का शटर जेसीबी मंगाकर जहां तोड़ा गया वहीं हाइड्रोलिक मशीन मंगाकर ऊपरी मंजिल पर आग बुझाने का स्थान फायर कर्मियों ने बनाया।
नगर के हरलालका रोड निवासी सुरेंद्र प्रधान का ओलंदगंज जेसीज रोड पर टीएनजी गारमेंट्स का चार मंजिला शोरूम है। रविवार को शोरूम बंद था। शार्ट सर्किट से करीब सात बजे आग लग गई।
आग लगने से धुंआ इस कदर फैला कि अफरातफरी मच गई। आसपास के दूकानदार अपनी दूकानें खाली करने लगे। वहीं पुलिस ने ओलंदगंज जेसीज मार्ग पर आवागमन को बंद कर दिया।
नगपालिका के पानी टैंकर, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगा दी र्गइं लेकिन तीन घंटे के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। करीब दस टैंकर पानी आग बुझाने के लिए मंगाया गया फिर भी पूरी तरह काबू नहीं
पाया जा सका। अगल बगल के दूकानदारों एवं रहने वाले लोगों ने सबमर्सिबल चलाकर पानी देने में सहयोग किया। क्रेन एवं जेसीबी मंगाकर कई जगह तोडफ़ोड़कर पानी शो रूम में अंदर ले जाने का फायर कर्मी प्रयास में जुटे रहे।
खबर लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। अग्निशमन अधिकारी केके ओझा ने बताया कि आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि रास्ता न होने और शटर बंद होने से काफी दिक्कत हो रही
है। सूचना पर एसपी भारत सिंह यादव, अपर पुलिस अधीक्षक सिटी रामजी सिंह यादव, एसडीएम राकेश पटेल, सीओ सिटी अभिषेक सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन भी मौके पर पहुंचे। उधर कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव के आवास के सामने यह घटना होने से उन्होंने भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।