जिला पोषण समिति की बैठक शुक्रवार की देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने ब्लॉकवार सैम बच्चों के एनआरसी में रेफर करने की समीक्षा के दौरान ब्लॉक सिकरारा, सुजानगंज की खराब स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए इसकी कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि संभव अभियान के तहत जहां भी फॉलोअप कम है वहां एमओआईसी और स्वास्थ्य विभाग के साथ इसकी फीडिंग कराए, छूटे हुए केंद्रों पर मॉकअप राउंड चलाएं, सुपरवाइजर लगातार भ्रमण करें और आवश्यक होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को प्रशिक्षण भी दिलाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सैम व मैम बच्चों के चिह्नांकन व ई-कवच पोर्टल पर फीडिंग के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाए। खराब प्रगति वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया जाए। समुदाय आधारित कार्यक्रम के तहत आगंनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गोदभराई, अन्नप्राशन, टीकाकरण की भी समीक्षा की।
राष्ट्रीय पोषण माह सितंबर 2023 में आयोजित पोषण माह के तहत प्रभावी स्तनपान संपूरक आहार, स्वस्थ बालक प्रतिस्पर्धा, पोषण भी ध्यान केंद्रित करते हुए पोषण में सुधार लाने हेतु पोषण माह मनाया जा रहा है। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की मुख्य थीम सुपोषित भारत साक्षर भारत सशक्त भारत है।
पोषण अभियान के अंतर्गत 6 वर्ष के कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं, स्तनपान करने वाली धात्री महिलाओं तथा किशोरी बालिकाओं के पोषक आहार में अबतक सुधार के लिए किये गये प्रयासों की जिलाधिकारी ने समीक्षा की। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, एसीएमओ, बाल विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।