जौनपुर। जन सुनवाई कक्ष में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में सड़कों के गड्ढा मुक्त अभियान की डीएम ने समीक्षा की। जिले में सड़कों के नवीनीकरण कार्य की प्रगति खराब होने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने डीएम मनीष कुमार वर्मा को बताया कि जनपद की 88 प्रतिशत सड़कें गड्ढा मुक्त हो गई हैं। डीएम ने निर्देश दिया कि 30 नवंबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। डीएम ने पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका, जिला पंचायत, मंडी परिषद सहित अन्य सड़कों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सड़कों के नवीनीकरण कार्य की प्रगति खराब पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। नवीनीकरण कार्य में सुधार लाए जाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन सड़कों पर गड्ढा मुक्त का कार्य पूर्ण हो चुका है, तत्काल उसकी सूची बनाकर उपलब्ध कराई जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व रजनीश राय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आरडी यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।