मछलीशहर। बिजली निगम के मछलीशहर डिवीजन में स्थायी विच्छेदन (पीडी), लाइन स्थानांतरण, नए कनेक्शन सहित अन्य मामलों की जांच में अधिशासी अभियंता राजन कुमार को जांच समिति ने क्लीन चिट दी है। मामले में शिकायतकर्ता ने जांच समिति पर लीपापोती करने का आरोप लगाते हुए डीएम से पुनः जांच करने की मांग की है। शिकायतकर्ता मुंगराबादशाहपुर के धौरहरा गांव निवासी पवन पांडेय ने अधिशासी अभियंता मछलीशहर राजन कुमार की ओर से बिजली निगम में राजस्व घोटाला करने का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री सहित उच्चाघिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर भ्रष्टाचार के जांच की मांग की गई थी। साथ ही शपथ पत्र देते हुए साक्ष्य सहित आरोप लगाया था कि पीडी के नाम पर भ्रष्टाचार किया गया। पीड़ित की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता ने संबंधित अधिकारी के आरोप की जांच के आदेश दिए थे। जांच टीम ने 16 अप्रैल को जांच रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को सौंपते हुए क्लीन चिट दे दी। शनिवार को पवन कुमार ने जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाया और जांच टीम पर मामले की लीपापोती करते हुए अधिशासी अभियंता को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम से मांग की है कि प्रकरण की जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करें।