जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए कार्यक्रम तैयार करना शुरू कर दिया है। परीक्षा 11 अप्रैल से कराने की तैयारी चल रही है। होली के बाद परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को पत्र जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक डाॅ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि सम सेमेस्टर की परीक्षाएं समय से कराई जाएंगी। परीक्षा के लिए तैयारी शुरू हो गई है। सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अविलंब कक्षा संचालन शुरू करा दें ताकि परीक्षाएं समय पर शुरू करा दी जाएं। विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि 11 अप्रैल से परीक्षाएं शुरू करा दी जाएंगी। 13 जनवरी से कक्षा संचालन के लिए महाविद्यालयों को पत्र जारी कर दिया है। कक्षा संचालन समय पर शुरू कराने के साथ ही अप्रैल से दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू कराने की तैयारी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध गाजीपुर और जौनपुर के 586 महाविद्यालयों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं चल रही हैं। एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 जनवरी से शुरू हो गई हैं। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षाएं कराई जा रहीं हैं। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र पर पेयजल, बिजली, पंखा व सीसीटीवी की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी केंद्र पर परीक्षा के दौरान किसी तरफ की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। परीक्षा की निगारनी के लिए विश्वविद्यालय ने उड़ाका दल का गठन कर दिया है। सभी टीमों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों की निगरानी करें। जिन विषयों की परीक्षाएं खत्म हो रही हैंं, उनका मूल्यांकन शुरू करा दिया जा रहा है। ताकि मूल्यांकन के साथ ही रिजल्ट भी तैयार करा दिया जाए।