तिरंगा लहराते डीएम, सीडीओ, एडीएम और सीआरओ। वीडियो ग्रैब
जौनपुर। सद्भावना पुल के विसर्जन घाट पर मंगलवार की देर रात मानव शृंखला कार्यक्रम के शुभारंभ के ऐन वक्त बिजली गुल हो गई। कार्यक्रम स्थल पर अंधेरा छा गया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बिजली निगम के अभियंताओं से फोन पर बात किया। वायरल वीडियो में वे अभियंताओं से कुछ देर के लिए बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कह रहे हैं। इसके बावजूद बिजली नहीं आई। अंधेरे में ही मानव शृंखला बनानी पड़ी। कार्यक्रम में डीएम के अलावा सीडीओ ध्रुव खाड़िया, सीआरओ अजय अम्बष्ट सहित जिले के सभी अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता तृतीय एसके सिन्हा ने बताया कि रात करीब 11 बजे 400 केवीए का ट्रांसफॉर्मर जल गया था। इससे 150 से ज्यादा उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। सद्भावना पुल पर मानव शृंखला का कार्यक्रम भी था। उन्होंने बताया कि रात में ही ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी गई।