मल्हनी। झारखंड में विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय इकाई ने बुधवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर विरोध जताया और विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से कराने की मांग की। अभाविप के पदाधिकारियों के अनुसार झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षा व भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर विद्यार्थी आंदोलन कर रहे थे। विधानसभा घेराव के प्रयास के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किए जाने और बाद में अभाविप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का भी संगठन ने विरोध किया। विभाग संयोजक एवं विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष शानू सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए। भर्ती और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े छात्रहित के मुद्दों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना जरूरी है। प्रांत कार्यसमिति सदस्य हर्ष वर्धन चौरसिया ने कहा कि विद्यार्थियों की मांगों को गंभीरता से सुनकर सरकार को उचित समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए। अभाविप ने झारखंड में हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और विद्यार्थियों की मांगों के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विभाग संगठन मंत्री अश्वनी सिंह, विश्वविद्यालय विस्तारक शैलेंद्र, पूर्व जिला संयोजक शिवम सिंह, विश्वविद्यालय इकाई उपाध्यक्ष एकांश मिश्रा समेत अन्य कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।