ुफ्तीगंज सीएचसी पर कोरोना वैक्सीन लगवाता व्यक्ति। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। कई राज्यों में बढ़ते संक्रमण के बाद कोरोना का टीका लगवाने के लिए लोगों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। बुजुर्ग व बीमार लोग टीकाकरण अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लेते हुए टीका लगवाने पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिले के 51 केंद्रों पर 6791 लोगों को टीका लगाया गया। इस दौरान कई केंद्रों पर बुजुर्गों की कतार भी नजर आई।
शहर में जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और राजकीय लीलावती अस्पताल में नियमित टीकाकरण चल रहा है। इसके अलावा सभी ब्लाक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी पर भी टीका लगाए जा रहे हैं। इन स्थानों पर सप्ताह में तीन दिन टीकाकरण की सुविधा है। कुल 51 केंद्रों पर चल रहे टीकाकरण में 60 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्गों व 45 से अधिक उम्र वाले गंभीर रोगियों को टीका लगाया जा रहा है। शुक्रवार को सभी केंद्रों पर भीड़ रही। सीएमओ डॉ राकेश कुमार ने बताया कि भीड़ को देखकर सोशल डिस्टैंसिंग का पालन कराने के लिए पुलिस बल की उपलब्धता पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई थी। लाभार्थियों की सहूलियत के लिए हर केंद्र पर अतिरिक्त कुर्सियां भी रखी गई थीं। इस चरण से आम लोगों का टीकाकरण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि जो बुजुर्ग पंजीकरण करने में सक्षम नहीं हैं, उनका टीकाकरण स्थल पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी ही पंजीकरण कर रहे हैं। इसलिए 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग तथा 45 से 59 वर्ष के बीमारी से ग्रसित रोगी पहचान पत्र और अपने इलाज की पर्ची लेकर केंद्र पर पहुंचें और टीकाकरण कराएं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नरेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक जिले में कुल 36388 लोगों को टीके की पहली डोज लगाकर प्रतिरक्षित किया जा चुका है। इनमें से 9938 बुजुर्ग और बीमारी से ग्रसित रोगी हैं। इसके अलावा 9397 फ्रंटलाइन वर्कर्स और 12260 स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। इनमें से ही 10670 को टीके की दूसरी डोज भी लग चुकी है।---