मड़ियाहूं (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने केस के तीसरे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सामूहिक दुष्कर्म का वांछित आरोपी मंझनपुर निवासी शिवम राजभर उर्फ गोलू अपने एक साथी के साथ बाइक पर अवैध असलहे के साथ जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने केड़वारी मोड़ पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने जब संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे एक गोली आरोपी शिवम (21) के पैर में लगी। इससे वह मौके पर ही गिर गया। उसे तत्काल सीएचसी मड़ियाहूं ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब फरार चौथे आरोपी की तलाश कर रही है। सीओ ने स्पष्ट किया कि अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।