प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष महराजगंज पुलिस फोर्स के साथ दुगौली खुर्द मोड़ के पास पहुंचे। सामने से आ रहे बाइक सवार बदमाशों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। संयोग ही था कि बदमाशों की गोली से कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। इससे वे गिरकर तड़पने लगे। वहीं, दो बाइक पर सवार चार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। लगातार कई राउंड तड़तड़ाई गोलियों से आसपास के ग्रामीण भी सहम गए। वहीं, पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।
पूछताछ के दौरान घायल बदमाशों ने अपना नाम अजय पासी उर्फ अजय सरोज पुत्र पन्नालाल निवासी घरवासपुर, अंकित मौर्या पुत्र कृपाशंकर मौर्य निवासी सरायविभार थाना महराजगंज और भानू पुत्र रमेश निवासी पट्टीदयाल थाना बदलापुर बताया। तीनों बदमाशों की उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से पल्सर बाइक, अवैध पिस्टल, तमंचा, 5 कारतूस, और लूट के पैसे बरामद किए। सीओ चोब सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान भागने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीम गठित कर उनकी तलाश की जा रही हैं।