सिकरारा। विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत निविदा कर्मियों ने समय से मानदेय का भुगतान, सेफ्टी किट व आईकार्ड, एसआई कार्ड सहित कई मांगो को लेकर बृहस्पतिवार को बैठक कर 22 जनवरी से कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
स्थानीय उपकेंद्र पर जुटे निविदा कर्मी उपकेंद्र के मुख्य बरामदे में बैठक कर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे सुपरवाइजर सुशील कुमार सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा लगभग 84 लाख रुपये बकाया है। पैसा विभाग द्वारा भुगतान होते ही उनका मानदेय सभी के खाते में भेज दिया जाएगा। मौके पर मौजूद बिजली विभाग के एसडीओ एस के पटेल ने बताया कि उनके मानदेय के भुगतान का सारा कागजात बनाकर भेज दिया गया है।
एसडीओ के समझाने पर कर्मियों ने 21 जनवरी तक समय देकर बैठक समाप्त किया। कहा कि 21 तक उनकी समस्याओं का समाधान नही हुआ तो वे लोग 22 जनवरी से कार्य का बहिष्कार करेंगे। बैठक में मुख्य रूप से विजय शंकर सिंह, संतोष कुमार सिंह, संदीप कुमार सिंह,शिवराज माली, दीपक गौतम, वीरेंद्र सिंह, चंद्रभूषण सिंह, सुरेश तिवारी, शशि यादव,संजय सिंह,वीरेंद्र कुमार आदि रहे।