मेरी आवाजः नाले में खड़ा बिजली का खंभा। पाठक
मड़ियाहूं। मड़ियाहूं-जौनपुर मार्ग स्थित एनएच-135ए पर पाली बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा नाली के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई कर दी गई है, जिससे पास में लगा बिजली का खंभा असंतुलित होकर लटकने लगा है। खंभा गिरने की आशंका से बाजार में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हादसे की आशंका के मद्देनजर खंभे को रस्सी से बांधकर किसी तरह संभाल रखा है। बाजार निवासी भुआल मौर्य, सेवालाल यादव और अरुण जायसवाल ने बताया कि नाली की खुदाई के कारण खंभे की नींव कमजोर हो गई है। वह एक ओर झुक गया है। यदि समय रहते इसे ठीक नहीं किया गया तो खंभा गिरने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को फोन के माध्यम से दे दी गई है लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं की गई है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। विद्युत विभाग के एसडीओ सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही ठेकेदार को नया खंभा लगाने के लिए निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही खंभा लगाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।