संशोधित-प्राथमिक विद्यालय जफराबाद में थाली लेकर विरोध जताते विद्यार्थी। सोशल मीडिया
- फोटो : सीएचसी एलिया के अंदर जन औषधि केंद्र में बिक रहीं ब्रांडेड दवाओं को देखते सीएमओ।
जफराबाद (जौनपुर)। कस्बा स्थित जफराबाद प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब मासूम बच्चे हाथों में खाने की थाली लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। बिजली विभाग के विद्यालय का कनेक्शन काट दिए जाने से पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई, जिसके चलते चिलचिलाती धूप में बच्चों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। प्रधानाध्यापिका छाया सिंह के अनुसार, विद्यालय में पहले सामान्य मीटर था जिसे बाद में स्मार्ट मीटर में बदल दिया गया। विभाग ने लापरवाही बरतते हुए इस सरकारी प्राथमिक विद्यालय को निजी संस्थान की श्रेणी में दर्ज कर दिया। शनिवार को प्रीपेड मीटर में करीब 19 हजार रुपये का बकाया दिखाते हुए अचानक बिजली काट दी गई। सोमवार को स्कूल खुलने पर बिजली न होने से मोटर नहीं चल सकी और पानी की किल्लत हो गई। विद्यालय परिसर में स्थित एकमात्र हैंडपंप अरसे से खराब है और उससे दूषित पानी निकलता है। इसकी शिकायत कई बार नगर पंचायत से की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। मिड-डे मील (एमडीएम) के बाद जब बच्चों को प्यास लगी, तो स्थिति गंभीर हो गई। मजबूरन शिक्षकों ने अपने निजी खर्च से बाहर से आरओ का पानी मंगवाकर बच्चों की प्यास बुझाई। समस्या से नाराज बच्चों ने स्कूल परिसर में ही थाली बजाकर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की। विद्यालय प्रशासन ने उच्चाधिकारियों से अपील की है कि सरकारी संस्थान को निजी श्रेणी से हटाकर बिजली बहाल की जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई और मूलभूत सुविधाएं प्रभावित न हों। बिजली निगम खंड द्वितीय के अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने कहा कि स्मार्ट मीटर में किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं हो सकती। बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन कटा होगा। मामले की जानकारी नहीं है। पता कराया जाएगा।