जौनपुर। मल्हनी उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को होने वाले मतदान के लिए रविवार की शाम से चुनावी शोर थम जाएगा। रैली, सभा प्रत्याशी नहीं कर सकेंगे और न ही कोई स्टार प्रचारक ही आएगा। प्रचार के अंतिम दौर में सभी प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंक दी है। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जाति-बिरादरी के मठाधीशों को लगा दिया गया है तो रुठों को मनाने की कोशिश भी अंतिम चरण में है। उधर, हर बूथ पर ऐसे तेज-तर्रार और जुझारू कार्यकर्ता की तलाश भी शुरू हो गई है, जो वहां डटकर अपने पक्ष के वोट मजबूती से डलवा सके। प्रशासन ने भी स्थानीय खूफिया इकाई और गांव के सूत्रों को हर वक्त चौकन्ना रहने को कह दिया है।
करीब 3.62 लाख मतदाताओं वाले मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने के लिए 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। तीन नवंबर को 554 बूथों पर मतदान होगा। आयोग के निर्देशों के तहत मतदान समाप्ति होने से 48 घंटें पहले निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं को सील करते हुए प्रचार पर रोक लगा दी जाएगी। इसके बाद प्रत्याशी सिर्फ जनसंपर्क ही कर सकेंगे। चुनाव को प्रभावित करने के लिए भी इन्हीं 48 घंटों को अहम माना जा रहा है। लिहाजा हर प्रत्याशी प्रचार थमने से पहले अपनी ओर से पूरी ताकत दिखाकर खुद को सबसे आगे साबित करने की होड़ में लगा है। अंतिम दिन भाजपा की ओर से कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, रमापति शास्त्री और संजय निषाद की सभाएं होंगी तो सपा की ओर से भी कई नेताओं चुनावी माहौल को प्रत्याशी के पक्ष में बनाएंगे। कांग्रेस की ओर से पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान, पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी जनसंपर्क अभियान को गति देंगे। निर्दल प्रत्याशी भी रोड शो व सभा के जरिए मतदाताओं को अपनी ताकत का अहसास कराएंगे।
धनंजय के समर्थकों परेशान कर रहा प्रशासन: राजदेव
जौनपुर। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह के पिता व पूर्व विधायक राजदेव सिंह ने पुलिस-प्रशासन पर समर्थकों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। सामान्य प्रेक्षक को शिकायती पत्र सौंपते हुए उन्होंने कहा कि खुद को चुनाव में पिछड़ता देख भाजपा सत्ता का इस्तेमाल कर समर्थकों को प्रताड़ित कर रही है। मुख्य चुनाव अभिकर्ता डॉ. समर बहादुर सिंह के आवास पर पुलिस ने छापा मारकर उन्हें अपमानित किया। बिना किसी वारंट के उनके घर में घुसने की कोशिश की। उनके सिकरारा स्थित टिकरी आवास पर भी भारी फोर्स ने पहुंचकर डर बनाने की कोशिश की। ओमप्रकाश सिंह के आवास भी पुलिस ने पहुंचकर धौंस दिखाने की कोशिश की है। निर्दल उम्मीदवार के समर्थकों को प्रचार करने से रोका जा रहा है। उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने धनंजय सिंह को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करने व समर्थकों को अपमानित करने से रोके जाने की मांग की।