Jaunpur News: जौनपुर जिले में भैंस बांधने के विवाद में बुजुर्ग महिला पर हमला किया गया, जिसमें गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जौनपुर जिले के पवांरा थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरा में भैंस बांधने को लेकर विवाद हो गया। झगड़ा इस कदर बढ़ा कि खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान हुए मारपीट में बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन महिला आरोपीयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
उक्त गांव निवासी राजकुमार पुत्र राजपति चौहान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार की रात लगभग 8 बजे भैंस बांधने के विवाद में दूसरे पक्ष की कमला पत्नी रामजी, मेनका पत्नी स्व. विनोद और प्रियंका पत्नी दिनेश ने मिलकर उनकी मां फूला देवी (70) पर हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों द्वारा घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित की तहरीर पर थाना पवारा में उपरोक्त नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गिरेन्द्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पवारा दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि तीनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में लेते हुए उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पूछताछ करते हुए मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
उधर, महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस सुरक्षा के दृष्टिगत गांव में सतर्कता बरत रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।