अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बुधवार को आठ लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के मडि़याहूं पड़ाव के पास बाइक सवार ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया जबकि सिकरारा थाना क्षेत्र के लाला बाजार के पास ट्रक के धक्के से आटो रिक्शा पलट गया।
चालक समेत उसमें सवार सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने चालक समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया है। लाइन बाजार थानाक्षेत्र के पचोखर गांव निवासी विजय कुमार मिश्रा (40) घर से शहर आ रहे थे।
रेलवे क्रासिंग पर जैसे ही फाटक खुला तो दोनों छोर से वाहन तेजी से निकलने लगे। वाहनों की भीड़ में वह गिर पड़े और पैर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सिकरारा संवाददाता के अनुसार जौनपुर शहर से सवारी लेकर आटो रिक्शा सिकरारा जा रहा था। लाला बाजार के पास पहुंचा था तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से धक्का लग गया और आटो पलट गया।
उसमें सवार चालक सिकरारा थाना क्षेत्र के लाजीपार गांव निवासी मो. कलीम, उसके भाई मो. शकील, सिटी स्टेशन निवासी साहेब लाल (55), महेंद्र कुमार (20) समेत कुल सात लोग घायल हो गए।
108 एंबुलेंस सेवा से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। उधर, हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को सिकरारा पुलिस ने थाने के पास रोक लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया।