मछलीशहर/रामपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को सड़क हादसों में आठ लोग घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो अन्य का उपचार भदोही के निजी अस्पताल में चल रहा है।
रामपुर थाना अंतर्गत रामपुर-बरसठी मार्ग पर मठिया तिराहे के पास दो बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार दीनापुर निवासी अमित यादव व सचिन यादव और दूसरी बाइक पर सवार मड़ियाहूं के खालेपुर निवासी अजय व पंकज पटेल को चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पंकज पटेल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अमित यादव व सचिन यादव का इलाज भदोही के निजी अस्पताल में चल रहा है। मछलीशहर में रायबरेली हाईवे पर कुंवरपुर-बंधवा मोड़ के समीप एक बोलेरो की चपेट में आने साइकिल सवार और बाइक सवार दंपती समेत चार लोग घायल हुए। पवांरा थाना क्षेत्र के भटेवरा गांव निवासी धनई सरोज (62) साइकिल से अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आ गए। बोलेरो ने कुड़रिया गांव निवासी बाइक सवार भाईलाल (47), उनकी पत्नी नगीना देवी (45) व पुत्र सुजीत (23) को भी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची एनएचएआई की एंबुलेंस से सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद धनई सरोज, भाईलाल और सुजीत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया।