ईद को सप्ताहभर का समय है। ऐसे में खरीदारी के लिए बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खाने पीने के सामानों से लेकर कपड़ों और सौंदर्य प्रसाधनो की दूकानों पर भीड़ मौजूद है। देर रात तक दूकानें खुलने से लोग खरीदारी में व्यस्त हो गए हैं। साप्ताहिक बंदी के दिन कोतवाली-सब्जी मंडी तक लगने वाली अस्थायी दूकानों पर रविवाद को खासी भीड़ रही।
रमजान का आखिरी अशरा जारी है। रोजेदार मस्जिदों में जहंा एतेकाफ में बैठे हैं तो वहीं शबे क्रद में इबादतों का दौर भी जारी है। चूंकि आगामी जुमा अलविदा जुमा होगा। इसलिए लोग ईद की तैयारियों में जुट गए हैं। वैसे भी तरावीह पूरी होने के बाद बाजारो में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगती है। ऐसे में अब ईद को सप्ताहभर का समय रह गया है। इसलिए लोग जल्दी से जल्दी ईद की खरीदारी पूरी कर लेना चाहते हैं। नगर के ओलंदगंज, हरलालका रोड, जहांगीराबाद, कोतवाली, सब्जी मंडी, नवाब यूसुफ रोड, चहारसू आदि इलाकों में बाजारों में रौनक देखते बन रही है। शाम होते ही यहां खरीदार उमड़ रहे हैं। कपड़ों की दूकानों से लेकर सौंदर्य प्रसाधन, फुटवियर और खाने पीने के सामानों की दूकानों पर खरीदारी तेज हो गई है। ब्रांडेड व मंहगे परिधान लेने वालों के लिए बाजार की दुकानों पर हर प्रकार की कीमत के विभिन्न डिजाइनों के कपड़े उपलब्ध हैं।
स्टेशन रोड पर फुटपाथ पर सजी कपड़े की दूकान से खरीददारी करने पहुंची परवीन बानो और शबा अंजुम ने बताया कि ईद के दिन सभी गरीब व अमीर परिवार अपनी-अपनी हैसियत के अनुसार सभी परिवार जनों के लिए नए कपड़े जरूर बनवाते हैं। कहा कि वैसे तो बाजार में हर चीज पर मंहगाई सिर चढ़ कर बोल रही है। लेकिन पटरी पर लगने वाले इन बाजारों से अपने बजट के अनुसार कपड़े आदि मिल जाते है।