सदर विधायक नदीम जावेद ने कहा कि बेटियां दो परिवारों को शिक्षित और संस्कारित करती हैं। बालिका शिक्षा को और सुदृढ़ बनाने की जरूरत है। बेटियां दो खानदानों का नाम रोशन करती हैं इसीलिए अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वह बालिकाओं को हर हाल में शिक्षित करें। वह गुरुवार को एकेएस पब्लिक स्कूल सोनिकपुर में आयोजित प्रबंधक अशोक कुमार सिंह की 16वी पुण्यतिथि और वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के समापन पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि संस्थापक ने विद्यालय की स्थापना करके निश्चित रूप से सराहनीय कार्य किया है। विद्या के इस मंदिर में क्षेत्र के हजारों बच्चे शिक्षा ग्रहण कर अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पीजी कालेज जमुहाई के पूर्व प्राचार्य डा. महेंद्र प्रताप सिंह ने प्रबंधक के व्यक्तिव और कृतित्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि राम मोहन सिंह ने खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। इससे पहले मुख्य अतिथि ने प्रबंधक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
इस मौके पर डा. राकेश सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्रभुवन सिंह, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह, डा. वीएल वर्मा, डा. सुभाष सिंह, नरसिंह बहादुर सिंह, खुर्शीद अनवर खान, राहुल सिंह, जय मंगल यादव, जितेंद्र यादव, नीरज सिंह, विक्की सिंह, नवनीत सिंह, अख्तर अली आदि मौजूद थे। प्रबंधक के पुत्र राधेश्याम सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।