महराजगंज रोड पर ठेला, खोमचा लगाकर किया गया अतिक्रमण।
- फोटो : संवाद
बदलापुर। कस्बे में स्थायी सब्जी मंडी न होने से सड़क की दोनों पटरियों पर ठेला, खोमचा लगाकर छोटे व्यापारियों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके चलते दिन भर कस्बे में यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है। राष्ट्रीय राजमार्ग-56 जौनपुर रोड पर अस्थायी सब्जी मंडी के चलते सड़क संकरी हो गई है। इसके चलते इस सड़क पर लोगों को रोज सुबह करीब चार घंटे तक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।
एनएच-56 से हर दिन 20 हजार से ज्यादा वाहनों का आवागमन होता है। जिस जगह पर सब्जी मंडी है, उसके पश्चिम तरफ सुल्तानपुर, लखनऊ तथा पूरब वाराणसी होते हुए अन्य शहरों तक लोगों का आवागमन होता है। दक्षिण की तरफ से सुजानगंज, मुंगराबादशाहपुर, फूलपुर प्रयागराज तक तो उत्तर की तरफ खुटहन, शाहगंज आजमगढ़ गोरखपुर तक लोगों का आवागमन रहता है। मंडी में सुबह क्षेत्र के कई किसान अपनी सब्जी बेचने आते हैं। बाहर के भी व्यापारी पहुंचते हैं। सुबह होते ही खरीदारों की भीड़ लग जाती है। जहां लोग बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ी कर देते हैं। इससे जाम की समस्या और बढ़ जाती हैं। जाम से सबसे ज्यादा दिक्कत बीमार व्यक्तियों व गर्भवती महिलाओं को होती है। उन्हें अस्पताल पहुंचने में विलंब हो जाता है। उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज जायसवाल का कहना है कि नगर पंचायत का गठन हुए 10 साल से ज्यादा समय बीत गया किंतु अभी तक कस्बे में स्थायी सब्जी मंडी नहीं बन सकी है। इसके चलते फल व सब्जी के दुकानदारों को मजबूरी में सड़क के किनारे दुकान लगानी पड़ रही है। इससे जाम की समस्या होती है। यदि स्थायी मंडी बन जाए तो यह समस्या समाप्त हो सकती है। व्यवसायी शेषभान मिश्र का कहना है कि कस्बे में स्थायी मंडी की अत्यंत आवश्यकता है। इसे बहुत पहले बन जाना चाहिए था किंतु जिम्मेदारों द्वारा रुचि न लेने के कारण अभी तक मंडी नहीं बन सकी है। इसके चलते जगह-जगह गंदगी व जाम की समस्या बनी रहती है।