जौनपुर। सरकार के गठन के बाद एक भी परियोजनाओं का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे अधिकांश परियोजनाओं के निर्माण की गति बजट के अभाव में धीमी है तो कइयों की जांच आदि के कारण निर्माण बाधित है। जिले की प्रमुख परियोजनाओं में शुमार सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बदलापुर में बस स्टेशन, राजकीय जूनियर हाईस्कूल सुरहुरपुर, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मडि़याहूं सहित अन्य परियोजनाओं का निर्माण कार्य बाधित है।
चालू वित्तीय वर्ष में जिले में इस समय कुल 91 परियोजनाओं के निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन बजट के अभाव कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य बाधित है। वहीं, कइयों का निर्माण कार्य जांच सहित अन्य कारणों से बाधित है। इस दौरान सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, राजकीय जूनियर हाईस्कूल सुरहुरपुर, बस स्टेशन बदलापुर, एसआरडीडब्ल्यूपी उसरौली सहाबुद्दीनपुर पेयजल और कटाहित खास पेयजल योजना, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मडि़याहूं, पीडब्ल्यूडी के कुल 14 लघु सेतुओं का निर्माण सहित अन्य योजनाओं के कार्य बजट नहीं मिलने से बाधित है। वहीं, उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण कार्य बाधित है। कारण रिवाइज स्टीमेट की ईएफसी होने और शासन स्तर से जीओ होना शेष है। तहसील आवासीय भवन केराकत, मडि़याहूं, मछलीशहर, मडि़याहूं, शाहगंज का निर्माण कार्य एसआईटी जांच के कारण बाधित है। पीएचसी सरायडीह और जयरामपुर का निर्माण कार्य एसआईटी जांच के कारण रुका हुआ है।
तीन साल बाद भी नहीं पूरा नहीं हो पाया है एसटीपी
जौनपुर। शहर का गंदा पानी आदि गंगा गोमती में नहीं गिरे। इसके लिए शहर के पचहटिया में वर्ष 2019 में एसटीपी बनाने का कार्य शुरू हुआ। इसके निर्माण के लिए 206.05 करोड़ के सापेक्ष 101 करोड़ रूपये अवमुक्त हुआ है, जिसके निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए दो बार तिथि भी बढ़ाई गई, जिसके कारण इस एसटीपी का निर्माण जुलाई में पूरा करने का समय तय है लेकिन अभी तक 94 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है, जो पिछले दो माह से पड़ा हुआ है। कारण धनराशि नहीं मिलने से कार्य तेजी से नहीं हो पा रहा है।
शासन से जीओ नहीं होने से बाधित है मेडिकल कालेज का निर्माण
जौनपुर। सिद्दीकपुर में बन रहा उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण कार्य बाधित है। कारण रिवाइज स्टीमेट की ईएफसी हो गई है, लेकिन शासन से जीओ होना बाकी है। अभी तक 54 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हुआ है, जबकि इसके लिए 593.3 करोड़ के सापेक्ष 363 अवमुक्त हुआ है।
शेष बजट न मिलने से बाधित है बस स्टेशन का निर्माण कार्य
जौनपुर। शासन से शेष बजट नहीं मिलने से बदलापुर में बस स्टेशन निर्माण कार्य बाधित है। इस बस स्टेशन के निर्माण के लिए 5.55 करोड़ के सापेक्ष 327 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं। शेष धनराशि नहीं मिली है। इससे बस स्टेशन का निर्माण कार्य बाधित है।