निरस्तीकरण एवं फार्म 35 को जलाते दवा व्यापारी
- फोटो : jaunpur
विभिन्न मांगों को लेकर केमिस्ट एंड कास्मेटिक वेलफेयर एसोसिएशन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। जिसमें प्रदेश में चल रहे फुटकर दवा लाइसेंसो के निरस्तीकरण व फार्म 35 के नाम पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद की। साथ ही आक्रोशित व्यवसाईयों ने फार्म 35 के प्रतिरुप का दहन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन जेपी मौर्या को सौपा।
सचिव राजेंद्र निगम ने कहा कि प्रदेश में बिना पूर्व सूचना के अंधाधुंध तरीके से फुटकर दवा लाइसेंसो को निरस्त किया जा रहा है। जबकि विधिक प्रक्रिया द्वारा जारी लाइसेंस का निरस्तीकरण गैर कानूनी है।
उन्होंने कहा कि यह मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। बिना न्यायालय के अनुमति के लाइसेंसो का निरस्तीकरण किया जाना असंवैधानिक है। कहा कि किसी भी कीमत पर दवा व्यापारी अपना उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। संगठन के चेयरमैन महेंद्र गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रदेश में दवा व्यवसाई अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है और लड़ता रहेगा। धरने में अध्यक्ष राजय यादव, दिलीप गुप्ता, संतोष मौर्या, अमित मौर्या, सुभाष मौर्या, घ्रुव जायसवाल, धर्मेंद्र गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, प्रमोद जायसवाल व सतीश सिंह आदि उपस्थित रहे।