दवा की दुकान में जांच करते औषधि निरीक्षक। -औषधि निरीक्षक।
जौनपुर। अवैध व मानकविहीन दवाओं की बिक्री के खिलाफ शुक्रवार को ड्रग विभाग ने विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के लिए चार जनपदों के औषधि निरीक्षकों की एक विशेष संयुक्त टीम गठित की गई थी।
इस दौरान अधिक सेलिंग वाली पांच दुकानों से 11 संदिग्ध दवाओं के वैधानिक नमूने लिए गए। इस टीम में सुल्तानपुर के औषधि निरीक्षक राजू प्रसाद, प्रतापगढ़ के औषधि निरीक्षक शिव कुमार नायक, भदोही के औषधि निरीक्षक कुमार सौमित्र और जौनपुर के औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय शामिल रहे।
औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने बताया कि टीम ने मिलन ड्रग हाउस से 3 नमूने लिए। सिंह मेडिकल स्टोर, रुहट्टा से दो, यथार्थ एम/एस (सुपर मार्ट) रुहट्टा से दो, गैलेक्सी मेडिकल स्टोर जौनपुर से तीन नमूने लिए गए।
जबकि यथार्थ फार्मेसी प्राइवेट लिमिटेड जौनपुर से 1 नमूना लिया। कार्रवाई के दौरान ढालगर टोला स्थित ‘मिलन ब्रदर्स’ नामक दवा प्रतिष्ठान बंद पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के समय दुकान बंद कर भागने या अनुपस्थित रहने के मामले को गंभीरता से लिया गया है।
इस फर्म के विरुद्ध नियमानुसार अलग से नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी।
ड्रग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संग्रहित किए गए सभी 11 नमूनों को जांच के लिए तत्काल राजकीय औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। संवाद