हनुमान घाट में सही किए बिजली के तार। संवाद
जौनपुर। शहर के बीच से गुजरी गोमती नदी के तट पर स्थित हनुमान घाट क्षेत्र में सराफा कारोबारियों की जान पर आफत बने जर्जर तारों को व्यवस्थित करने का कार्य शुरू हो गया है। ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए बिजली निगम ने शुक्रवार से टीम लगाकर काम शुरू करा दिया है। बिजली निगम के अधिकारियों का दावा है कि तीन से चार दिनों में तारों को पूरी तरह से व्यवस्थित कर लिया जाएगा। ‘अमर उजाला’ ने 3 जुलाई के अंक में पेज नंबर दो पर ‘खतरे की घंटी बजी, पर जिम्मेदारों के बंद हैं कान’ शीर्षक से इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर में बताया गया था कि आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हनुमान घाट की संकरी गलियों में ढाई हजार से अधिक सराफा दुकानें हैं। यहां आसपास लटक रहे तारों से हर वक्त बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। हाल में लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना से सबक लेते हुए हर किसी को सतर्क रहना जरूरी है।