बदलापुर। सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित बदलापुर महोत्सव और सामूहिक विवाह के हर पल को यादगार बनाने की तैयारी चल रही है। मंगलवार को सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने अधिकारियों संग बैठक कर रणनीति बनाई। उन्होंने कहा कि महोत्सव के पहले दिन 14 दिसंबर को परिसर में 251 जोड़ी शादी का एक-एक पल यादगार होगा। आचार्यगण विवाह की रश्म पूरी करेंगे। वहीं, मंच पर लखनऊ से आए 25 बच्चों की एक टीम शादी समारोह के साक्षी बने लोगों को उस दौरान श्रीरामकथा का अमृतपान कराएंगे। ड्रोन से वर-वधू पर पुष्पवर्षा कर उपहार दिया जाएगा। 13 से 15 दिसंबर तक रोड डायवर्ट रहेगा। एनएच 56 के बजाय यातायात फोरलेन से संचालित होगा। इंदिरा चौक से जौनपुर रोड स्थित सब्जी मंडी, रेलवे क्रासिंग भलुआही से नगरपंचायत कार्यालय तक सुसज्जित लाइटिंग की व्यवस्था होगी। अधिशासी अधिकारी बृज केसर सिंह ने बताया कि समारोह के दौरान कोविड-19 तहत मास्क, सैनिटाइजर, फांगिग की व्यवस्था कराई जाएगी। विधायक ने बताया कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 2000 से अधिक लोगों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा भूपेंद्र नारायण सिंह, बीडीओ शरद कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम लाल बहादुर, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा दिलीप शुक्ला, सहायक विकास अधिकारी पंचायत रामअवध, विधायक प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह, तहसील उद्योग व्यापारमंडल के प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह शक्ति, दुर्गेश तिवारी आदि मौजूद थे।