एक माह आठ दिन बाद 31 मई से फिर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय गुलजार होगा। कारण, ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल स्थायी लाइसेंस बनाने का कार्य किया जाएगा, जबकि लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए फिर से संबंधित लोगों को सारथी पोर्टल पर अप्वाइंटमेंट स्लाट लेना होगा। इसके बाद लर्निंग लाइसेंस बनाया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के कारण ड्राइविंग लाइसेंस सेवा 23 अप्रैल से बंद कर दी गई थी। जिससे रोज गुलजार रहने वाला सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में सन्नाटा पसर गया था। न तो लाइसेंस बनाने के लिए कोई भीड़ लग रही थी और न ही कर्मचारी इधर -उधर आ जा रहे थे। कार्यालय पहुंचकर कर्मचारी सिर्फ अपने संबंधित विभागीय कामों को निपटा रहे थे। इस बीच अब 31 मई से फिर से कार्यालय गुलजार हो जाएगा। कारण, कोरोना संक्रमण कम होते देख शासन ने इस तिथि से लाइसेंस सेवा को फिर से बहाल करने का निर्णय लिया है। इससे लाइसेंस बनवाने के लिए फिर से लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो जाएगी। लाइसेंस सेवा बाधित होने से अभी तक करीब 15 हजार लाइसेंस के आवेदन लंबित हैं। जिसमें करीब सात हजार हजार परमानेंट लाइसेंस और आठ हजार लर्निंग लाइसेंस के आवेदन लंबित हैं।
---
वर्जन...
कोराना संक्रमण कम होते देख 31 मई से लाइसेंस सेवा फिर से शुरू हो जाएगी। परमानेंट लाइसेंस बनाने का कार्य तो शुरू हो जाएगा, लेकिन लर्निंग के लिए अभी इंतजार करना होगा। लंबित लर्निंग लाइसेंस के आवेदनों से संबंधित लोगों को सारथी पोर्टल पर से फिर से तिथि लेनी होगी। इसके बाद उनका भी लाइसेंस बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -एसपी सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी।