डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के बीरीबारी गांव के पास शनिवार को बीच सड़क खड़ी ट्रक में संदिग्ध हाल में चालक का शव पाया गया। काफी देर तक ट्रक आगे न बढ़ने पर लोगों ने अंदर झांका तो सीट पर चालक को मृत हाल में देखा। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। कयास लगाया जा रहा है कि हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
जौनपुर-गाजीपुर मार्ग पर बीरीबारी के पास सुबह आजमगढ़ के नंबर की ट्रक संख्या बीच सड़क पर खड़ी थी। इससे मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। लोग हार्न बजाते रहे, मगर ट्रक न आगे बढ़ रहा था तो न उसके आसपास कोई दिख रहा था। काफी देर तक सड़क पर खड़े लोग जब गुस्से में ट्रक की केबिन पर चढ़कर गेट खोला तो अंदर चालक को मृत हाल में देख सन्न रह गए। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को हटवाकर रास्ता चालू करवाया। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर चालक के परिजनों को सूचना दी। थाने पर पहुंचे परिजनों ने चालक की पहचान की। लल्लन राजभर (48) नामक चालक आजमगढ़ के मुहम्मदपुर सिधारी का रहनेे वाला था। ट्रक भी उसी की थी। वह प्रयागराज से सीमेंट लादकर चौबेपुर जा रहे था। थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि चालक की मौत हार्ट अटैक से हुई प्रतीत हो रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।