55 घंटे के संपूर्ण बंदी का नही है शहर में कोई असर शाही पुल पर बेपरावही से घूमते नजर आये लोग।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। हाल ही में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया था कि शनिवार-रविवार की बंदी को पूरी तरह सफल बनाएं। अफसरों ने उनके निर्देशों को कितना गंभीरत से लिया, इसका नजारा शनिवार को शहर की सड़कों पर नजर आया। दुुकानें भले ही बंदी थी, लेकिन सड़कों पर चहलकदमी आम दिनों जैसी ही थी। कहीं से भी यह देखकर अहसास नहीं हो रहा था कि संपूर्ण बंदी का पालन कराया जा रहा है।
कोरोना का गति सुस्त पड़ने के साथ ही लोगों में बेपरवाही भी बढ़ती जा रही है। नतीजा शनिवार-रविवार की बंदी का कोई खास असर नहीं दिख रहा। पिछले दिनों हाईकोर्ट ने इस पर नाराजगी जताई तो सीएम ने बंदी का सख्ती से पालन कराने का निर्देश जारी कर दिया। दो दिन पहले ही आए इस निर्देश के बाद भी शनिवार को शहर में बेपरवाही बनी रही। लोग सड़कों पर बेरोकटोक धड़ल्ले से आते-जाते रहे। सामान्य दिनों जैसी ही चहल-पहल थी, बस दुकानें बंद थीं। ऐसी स्थिति पूर्व में साप्ताहिक बंदी के दिन रविवार को नजर आती थी। चौराहों-तिराहों पर पुलिसकर्मी खड़े तो जरुर थे, लेकिन बेवजह सड़कों पर घूमने वालों को रोक-टोक भी नहीं रहे थे। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में इसे लेकर कुछ संजीदगी जरुर दिखी। सक्रिय पुलिस ने सब्जी-फल की दुकानें भी सख्ती से बंद करा दी।