केराकत। केराकत-चंदवक मार्ग पर टाईबीर बाबा मंदिर के पास लगे लोहे के गार्डर से जीप टकरा गई। हादसे में चालक की मौत हो गई। चालक के भाई ने तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार की रात चंदवक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रायपुर निवासी रामजीत यादव (50) जीप से केराकत से चंदवक की तरफ जा रहे थे। रास्ते में टाईनाला स्थित टाईबीर बाबा मंदिर के पास सड़क पर लगे लोहे के गार्डर से जीप टकरा गई। चालक वाहन से बाहर गिर गया। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। लोगों ने घायल को केराकत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन वाराणसी के निजी चिकित्सालय ले गए। जहां इलाज के दौरान रामजीत की मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। भाई रामानुज यादव की तहरीर पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामजनम यादव ने बताया चालक के भाई ने हादसे की सूचना दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।