Jaunpur News: जौनपुर के युवक की सऊदी में सड़क हादसे में मौत हो गई। दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के 20 दिन बाद शव सोमवार को गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के सिधाई गांव निवासी युवक की सऊदी अरब में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना के 20 दिन बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में चीख- पुकार मची रही।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
सिधाई गांव निवासी अनिल कुमार उर्फ छोटू यादव (25) अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए करीब छह माह पहले सऊदी अरब गया था। वहां वह गाड़ी चालक का काम कर रहा था। बीते 28 दिसंबर को सऊदी अरब में हुए एक सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कागजी औपचारिकताओं के 20 दिन बाद जब शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। मां, बहन और अन्य परिजन शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। गांव के लोग परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए, लेकिन परिवार का दर्द हर किसी की आंखें नम कर रहा था।
विज्ञापन
मृतक दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। मृतक की मां फूला देवी गृहणी हैं। उनके लिए छोटा बेटा ही एकमात्र बड़ा सहारा था, जो विदेश जाकर मेहनत-मजदूरी कर घर खर्च चला रहा था।