065 पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते एडीजी बृज भूषण।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। वाराणसी जोन के एडीजी बृजभूषण ने पुलिसकर्मियों को हिदायत दी है कि वह किसी भी घटना में कार्रवाई के लिए तहरीर मिलने तक का इंतजार न करें। अगर कोई मामला संज्ञान में आता है तो फौरन संबधित को पाबंद करते हुए कार्रवाई करें। अगर कहीं कोई घटना होती है तो उसके लिए पुलिस की जवाबदेही तय होगी। लिहाजा जरूरी है कि किसी मामले में अगर थाने में एनसीआर भी दर्ज है तो संबंधित सर्किल के सीओ खुद उस मामले को देंखें। एडीजी शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अब अनलॉक-1 में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर बाकी सभी इलाकों में ठप पड़ी कई गतिविधियां चालू हो गई हैं। इससे मारपीट की घटनाएं बढ़ने की संभावना है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बीट सिपाही गांवों में अपने सूचना तंत्र को मजबूत बनाएं, ताकि घटना से पहले उन्हें सूचना मिल सके। गांव-गांव गठित निगरानी समिति की थानेदार खुद समीक्षा करेंगे, जिससे गांव में कोई समस्या गंभीर न बन सके। उन्होंने कहा कि बीट के सिपाही जब भी लौटकर थाने आएं तो एक रजिस्टर पर अपनी गतिविधियों को दर्ज करेंगे और थानेदार रोज चेक कर यह देखेंगे कि किस सिपाही ने कितना काम किया है। भूमि विवाद के मामलों में पुलिस को पहले से ही सावधानी बरतनी होगी। इसके बाद भी कहीं अगर कोई घटना होती है तो अधिकारी घटना स्थल पर जाएंगे और देखेंगे कि संबंधित घटना में कहीं पुलिस की कोई लापरवाही तो नहीं है। लूट, चोरी और छिनैती जैसी घटनाओं को रोकने के लिए हिस्ट्रीशीटर और पेशेवर अपराधियों को सूचीबद्ध कर उनकी निगरानी करते रहने का निर्देश सभी सीओ को दिया गया है। उन्होंने कहा कि कंटेनमेंट जोन में मास्क लगाना अनिवार्य है। इन इलाकों में अगर कोई बिना मास्क के मिला तो उसके खिलाफ जुर्माना भी लगेगा। जुर्माना कितना लगेगा इसे मजिस्ट्रेट तय करेंगे। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में एडीजी ने कहा कि श्रीमहालक्ष्मी ज्वेलर के यहां डकैती के मामले में छानबीन चल रही है। कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। माल की बरामदगी नहीं हो सकी है। फरार चल रहे बदमाशों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी के लिए पुलिस का काम चल रहा है।