जौनपुर। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार की रात जिला महिला अस्पताल में बने कोविड-एल 2 अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने सीएमओ डॉ. राकेश कुमार से अस्पताल में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया की कोरोना वायरस से किसी भी संक्रमित की मौत न होने पाए।
डीएम ने अस्पताल में आक्सीजन की उपलब्धता बनाए रखने एवं बेड की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। डीएम ने कोतवाल को रात्रि कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शहर में चल रहे साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण किया। अधिशाषी अधिकारी संतोष मिश्रा को नियमित रूप से साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में सफाई के साथ दवा का छिड़काव कराने की हिदायत दी। कहा कि शहर में कहीं भी कूडे़ का ढेर न लगने पाए, अन्यथा गंदगी फैलेगी।