जिला पंचायत चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद विकास कार्य कराने के लिए रूपरेखा तैयार होने लगी है। इसके लिए सभी जिला पंचायत सदस्य अपने - अपने क्षेत्रों में विकास कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। जल्द ही बोर्ड की बैठक होगी। जिसमें सदस्यों के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मुहर लगाई जाएगी।
चुनाव के चलते जिला पंचायत की तरफ से कराए जाने वाले कार्य ठप हो गए थे। तीन जुलाई को हुए चुनाव में श्रीकला धनंजय सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं। उन्होंने 12 जुलाई को शपथ ग्रहण के बाद हुई बैठक में जिला पंचायत की छह समितियों का गठन किया था। इनमें निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य कल्याण, प्रशासनिक, नियोजन व जल प्रबंधन समिति शामिल हैं। उधर, जिला पंचायत बोर्ड की जल्द ही बैठक बुलाने की तैयारी है। इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह बोर्ड की बैठक को लेकर विभागीय लोगों के साथ बैठक भी कर चुकी हैं। जिला पंचायत सदस्यों से उनके क्षेत्रों में विकास कार्य के लिए प्रस्ताव भी तैयार करने को कह दिया गया है। विभागीय लोगों के मुताबिक बोर्ड की बैठक में बाजारों में नालियों व नालों के निर्माण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देने की तैयारी है। इसी तरह एक से दूसरे ग्राम पंचायतों में आवागमन के लिए संपर्क मार्ग के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। बाजारों व प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक शौचालयों के निर्माण व स्ट्रीट लाइट लगाए जाने संबंधी प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा गया है। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह का कहना है कि बोर्ड की बैठक की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। जिला पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। उनका कहना है कि जो भी विकास कार्य कराए जाएंगे, उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।