जिला अस्पताल के आपरेशन थिएटर में आग लगने से जला सामान।
जिला अस्पताल के आपरेशन थियेटर में सोमवार को शार्ट सर्किट से मानीटर में आग लग गई। आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड को दी। थोड़ी देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया।
आग लगने से कई मशीनें जल गईं और खिड़कियों के शीशे फूट गए। सुबह जिला अस्पताल के दूसरी मंजिल पर स्थित आपरेशन थियेटर (ओटी) में वार्ड ब्वाय और स्वीपर साफ सफाई कर रहे थे। वहीं अस्पताल कर्मचारी आपरेशन की तैयारियों में जुटे हुए थे। तकरीबन सवा नौ बजे अचानक शार्ट सर्किट हुई और मानीटर में आग लग गई।
आग लगते ही अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों के शोर करने पर मरीजों के तीमारदार और अन्य कर्मचारी आ गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। जैसे ही वार्डों में और ओपीडी में आग लगने की खबर मिली तो मरीज बेड छोड़कर भागने लगे। चारो तरफ अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस भी मय फोर्स पहुंच गई। आस पास मोहल्ले के लोग और दूकानदार भी आ गए। फायरब्रिगेड की गाड़ी ने लोगों के सहयोग से थोड़ी देर में ही आग पर काबू पा लिया। तबजाकर लोगों ने राहत की सांस ली। खास बात यह है कि ओटी में दो छोटा और एक बड़ा आक्सीजन का सिलेंडर रखा था।
आग की लपटें सिलेंडर तक पहुंचने लगी थी। सिलेंडर में आग पकड़ी उससे पहले ही आग बुझा लिया गया। उधर, ओटी में आग लगने से आपरेशन सोमवार को नहीं हो सका। ईसीजी मशीन, पंखा , बल्ब, मानीटर, वायरिंग बोर्ड जलकर राख हो गए।